अब उठी कर्पूरी ठाकुर को ‘भारत रत्न’ देने की माँग
जनवरी 14, 2008
महान् समाजवादी नेता स्व. कर्पूरी ठाकुर को भी ‘भारत रत्न’ सम्मान देने की माँग उठी। ‘सामाजिक न्याय समता आंदोलन’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विधान पार्षद डाॅ. भीम सिंह ने यह माँग की है। उन्होंने कहा कि स्व. ठाकुर ‘भारत रत्न सम्मान’ के लिए सबसे उपयुक्त हैं। वे स्वतंत्रता सेनानी, प्रसिद्ध समाजवादी व ईमानदार जननेता थे। महत्त्वपूर्ण सरकारी एवं सांगठनिक पदों पर रहते हुए उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर रहनेवाली आबादी की महती सेवा की। उन्होंने बिहार को अपनी कर्मभूमि बनाया। राष्ट्रीय राजनीति में भी उनका हमेशा सार्थक हस्तक्षेप रहा। डाॅ. सिंह ने कहा कि वे स्व. ठाकुर को ‘भारत रत्न सम्मान’ दिलाने के लिए हमेशा सक्रिय रहे। विधान परिषद् में भी धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान उन्होंने यह माँग उठाई। एक शिष्टमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात के दौरान भी यह माँग रखी। स्व. ठाकुर को ‘भारत रत्न सम्मान’ देने की माँग बिहार विधानसभा ने भी सामूहिक रूप से केंद्र सरकार से की थी।