कर्पूरी ठाकुर को ‘भारत रत्न’ देने की माँग को लेकर धरना 24 को


जनवरी 22, 2008

विधान पार्षद डाॅ. भीम सिंह ने जननायक कर्पूरी ठाकुर को ‘भारत रत्न’ की उपाधि से सम्मानित करने की माँग करते हुए कहा कि अगर उन्हें यह सम्मान नहीं दिया गया तो 24 को धरना दिया जाएगा। उन्होंने बयान जारी कर कहा कि स्व. कर्पूरी ठाकुर को यह सम्माऩ अवश्य मिलना चाहिए, क्योंकि वे एक स्वतंत्रता सेनानी, समाजवादी व लोकप्रिय नेता थे, जो सरकारी व गैर-सरकारी विभिन्न पदों पर रहकर अनेक बार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता रहे। उन्होंने अपनी कर्मभूमि बिहार को बनाया, परंतु राष्ट्रीय राजनीति में उनका सार्थक हस्तक्षेप रहा। उनके व्यक्तित्व का सम्मान राष्ट्रीय फलक पर होता रहा। उनकी जीवनगाथा नई पीढ़ी को प्रेरणा देती है। इसलिए ऐसे व्यक्ति को यह सम्मान प्रदान करना इस अलंकरण को सम्मानित करने जैसा होगा। डाॅ. सिंह ने कहा कि स्व. ठाकुर को यह सम्मान पहले ही मिलना चाहिए था। अब तक ‘भारत रत्न’ से उन्हें सम्मानित नहीं किया जाना देश के अभिवंचित वर्ग के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि जनता की इच्छा का सम्मान करते हुए स्व. कर्पूरी ठाकुर को ‘भारत रत्न’ की उपाधि से सम्मानित किया जाए।